जेई टीकाकरण का चलेगा विशेष अभियान

बस्ती। डीएम आशुतोष निरंजन ने बताया कि प्रवासी मजदूरों के छूटे हुए बच्चों को जापानी इंसफलाइटिस (जेई) का टीका लगाया जाएगा। इसके लिए विषेष चलाया जाएगा। ऐसे बच्चों को चिन्ह्ति करने के लिए ब्लॉकों में सर्वे कराया जा रहा है। एक साल से 15 साल तक के टीके से वंचित बच्चों को सर्वे में शामिल किया गया है। बताया कि कोरोना काल में नॉन एंडेमिक क्षेत्रों से प्रदेश के जेई प्रभावित जनपदों में बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर पहुंचे हैं। इसमें बस्ती मंडल के तीनों जिले शामिल हैं। सरकार का मानना है कि इनमें से काफी संख्या में ऐसे बच्चे हो सकते हैं, जिन्हें जेई का टीका नहीं लगा होगा। इसे देखते हुए जेई टीकाकरण का विशेष अभियान चलाए जाने का निर्णय शासन ने लिया है।


फार्मेट पर देनी होगी जानकारी


महानिदेशक परिवार कल्याण की ओर से एक फार्मेट जारी किया गया है। इसमें टीकाकरण से छूटे हुए बच्चे का नाम, पिता का नाम, उम्र, जिस जनपद व प्रदेश से बच्चा आया है, वहां का नाम दर्ज करना होगा। जिले से यह फामेर्ट सभी ब्लॉकों को भेजा गया है। इस पर सूचना एकत्र कर जिले पर कंपाइल की जाएगी। जितने बच्चों को टीका लगना है उनकी संख्या से प्रदेश को अवगत कराया जाएगा। प्रदेश से उसी संख्या के आधार पर भारत सरकार से टीके की मांग की जाएगी। टीका उपलब्ध होते ही विशेष अभियान चलाकर प्रवासी मजदूरों के बच्चों को टीका लगवाया जाएगा।